नई दिल्ली। सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी के विवादास्पद विधायक संगीत सोम ने ताजमहल को 'भारतीय संस्कृति पर कलंक' बताते हुए कहा है कि ताजमहल का निर्माण 'गद्दारों' ने किया था। इसके साथ ही संगीत सोम ने कहा है कि, "बहुत-से लोग इस बात से चिंतित हैं कि ताजमहल को यूपी टूरिज़्म बुकलेट में से ऐतिहासिक स्थानों की सूची से हटा दिया गया। किस इतिहास की बात कर रहे हैं हम? जिस शख्स (शाहजहां) ने ताजमहल बनवाया था, उसने अपने पिता को कैद कर लिया था। वह हिन्दुओं का कत्लेआम करना चाहता था। अगर यही इतिहास है, तो यह बहुत दुःखद है, और हम इतिहास बदल डालेंगे। मैं आपको गारंटी देता हूं," इसके साथ ही BJP विधायक संगीत सोम ने मुगल बादशाहों बाबर, औरंगजेब और अकबर को 'गद्दार' कहा, और दावा किया है कि उनके नाम इतिहास से मिटा दिए जाएंगे।
दरअसल ये पूरा विवाद उत्तर प्रदेश के पर्यटन प्रसार से जुड़ी एक बुकलेट में ताजमहल का नाम नहीं जुड़े होने से शुरु हुआ है। बीजेपी के सांसद अंशुल वर्मा ने भी इसी विचार से सहमति जताते हुए कहा है कि "ताजमहल पर्यटन स्थल है। इसे भारतीय संस्कृति से न जोड़ें, सोम ने जो कुछ भी कहा, उसमें कुछ भी विवादास्पद नहीं है। इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए "
गौरतलब है कि संगीत सोम उन राजनेताओं में से एक हैं, जिन पर वर्ष 2013 में मुज़फ्फरनगर में दंगे भड़काने का आरोप लगाया गया था। मुज़फ्फरनगर दंगों में 60 से ज़्यादा लोगों की जान गई थी, और हज़ारों लोगों को पलायन करना पड़ा था। संगीत सोम को अपने भड़काऊ भाषणों के लिए जाना जाता है।
ममता ने खेला नया सियासी पैतरा, योगी के हैलिकाप्टर को उतरने की नहीं दी अनुमति
“माफ़ करो महराज” वाले जुमले पर गौर ने पार्टी को घेरा
© 2017 - All Rights with Vindhya Times