नहीं रहे ऋषि कपूर, आज सुबह ली अंतिम सांस

नहीं रहे ऋषि कपूर, आज सुबह ली अंतिम सांस

भारतीय फिल्म इंडस्ट्री ने 24 घंटे में दो दिग्गज अभिनेता खो दिए| बुधवार को शानदार कलाकार इरफान खान ने दुनिया को अलविदा कहा और अब गुरुवार यानी आज को दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया| बुधवार को ही ऋषि कपूर को मुंबई के एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती करवाया गया था और गुरुवार को वह दुनिया छोड़ कर चले गए|

ऋषि कपूर के दोस्त, रिश्तेदार और सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर ऋषि कपूर के निधन की जानकारी दी| उन्होंने लिखा, 'वो गया| ऋषि कपूर गए| अभी उनका निधन हुआ. मैं टूट गया हूं.'

कपूर परिवार की ओर से ऋषि कपूर के भाई रणधीर कपूर ने भी निधन की जानकारी दी| ऋषि कपूर को बुधवार उनके परिवार ने एच एन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया था| ऋषि कपूर 67 साल के थे और कैंसर की बिमारी से लड़ रहे थे|

बता दे बुधवार रात को ऋषि कपूर को सांस लेने में तकलीफ हो रहो रही थी जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया| इस दौरान अस्पताल में ऋषि की पत्नी नीतू सिंह, उनके भाई और परिवार के अन्य लोग मौजूद थे| सुबह 8:45 पर ऋषि कपूर ने अंतिम सांस ली| रिही कपूर ल्यूकेमिया नामक बीमारी से पिछले 2 साल से लड़ रहे थे| अस्पताल ने उनके लिए आखिरी दम तक कोशिश की| लेकिन ऋषि कपूर आखिर में इस दुनिया को अलविदा कह गए| 

फिलहाल, ऋषि कपूर का शव अस्पताल में ही है| अस्पताल के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है| ऋषि के निधन की खबर पाकर कुछ फैंस अस्पताल के बाहर पहुंच गए थे| इसके बाद मुंबई पुलिस ने लोगों से लॉकडाउन का पालन करने और घर जाने की सलाह दी| अस्पताल के सामने 100 मीटर तक सड़क खाली करा ली गई है| किसी को अस्पताल में जाने की इजाजत नहीं है| इस बीच ऋषि कपूर का अंतिम दर्शन करने के लिए बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट अस्पताल पहुंच गई हैं. बॉलीवुड में शोक है| दो दिन के अन्दर बॉलीवुड ने दो  दिग्गज कलाकार खो दिए|