सीएम शिवराज सिंह चौहान घायल, उत्तराखंड दौरा हुआ रद्द

सीएम शिवराज सिंह चौहान घायल, उत्तराखंड दौरा हुआ रद्द

भोपाल| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को सीहोर दौरे के दौरान घायल हो गए| इसको देखते हुए 31 जनवरी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का उत्तराखंड का दौरा रद्द हो गया| रविवार को सीहोर में विकास कार्यों के भूमि-पूजन और लोकार्पण करने आए मुख्यमंत्री चौहान बूथ विस्तारक अभियान के तहत एक कार्यकर्ता के घर पहुंचे| यहां उनके पैर में लोहे की रॉड लग गई| उनके पैर से खून निकलने लगा| उसके बाद  उन्हें फर्स्ट ऐड देना पड़ा और उनके पैर में पट्टी बांधनी पड़ी| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर का अपना कार्यक्रम रद्द नहीं किया और पूरा कार्यक्रम खत्म करने के बाद ही भोपाल वापस पहुंचे| दूसरी ओर बताया जा रहा है कि उनके उत्तराखंड दौरे के रद्द होने की वजह उनकी चोट बल्कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन है|

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने उत्तराखंड में 31 जनवरी तक चुनावी रैली करने की अनुमति नहीं दी है| इस वजह से मुख्यमंत्री को अपना कार्यक्रम रद्द करना पड़ा| माना जा रहा है कि चुनाव आयोग से अनुमति के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उत्तराखंड के दौरे पर जाएंगे|

1 फरवरी को गोवा में जनसभा

चुनावी कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 1 फरवरी को गोवा दौरे पर रहेंगे| निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीएम शाम 4:25 बजे महलासा मंदिर, वर्ना में दर्शन करेंगे| उसके बाद डाबोलिम चुनाव क्षेत्र के चिकालिम पंचायत हॉल में भाजपा प्रत्याशी मौविन गोडिन्हो और शाम 6:30 बजे कॉर्टालिम निर्वाचन क्षेत्र के जुआरीनगर में भाजपा प्रत्याशी नारायण नायक के साथ मंच साझा करेंगे|