रिटायर्ड फौजी की चेतावनी, कहा- पान सिंह तोमर बनने के लिए मजबूर मत करो .....

रिटायर्ड फौजी की चेतावनी, कहा- पान सिंह तोमर बनने के लिए मजबूर मत करो .....

ग्वालियर| ग्वालियर के एक रिटायर्ड फौजी ने कलेक्टर को चेतावनी देते हुए कहा कि सिस्टम के माफिया और पुलिसवाले मुझे पान सिंह तोमर बनने के लिए मजबूर कर रहे हैं|  क्या मुझे अपने परिवार के हक की लड़ाई के लिए बंदूक उठानी  पड़ेगी?

मामला  ग्वालियर के लाल टिपारा गौशाला के पास रहने वाले रिटायर्ड फौजी रघुनाथ सिंह तोमर की है| कलेक्टर की जनसुनवाई में कलेक्टर को फौजी ने बताया कि उसने  2011 में साईं नगर में एक प्लॉट खरीदा था| पिछले साल अगस्त माह में 22 साल की फौजी की नौकरी पूरी कर रिटायर होने के बाद जब वह अपने प्लॉट पर मकान बनावाने आए तो देखा कि वहां दबंगों ने इस प्लाट पर कब्जा कर लिया है| बदमाशों ने उस प्लॉट को कई बार रीसेल करते हुए बेच भी दिया| रिटायर्ड फौजी रघुनाथ सिंह तोमर ने कहा कि जब भी वह अपने प्लाट पर मकान बनवाने पहुँचते है तो वह उन्हें जान से मारने की धमकी देते है| कई बार थाने में इसकी शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई| फौजी ने प्लॉट बेचने वाले अरविंद जसवंत और भूपेंद्र बघेल पर इल्जाम लगाया है|

रिटायर्ड फौजी की इस बात को सुनकर  मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन अब सकते में है| कलेक्टर ने आनन-फानन में क्षेत्रीय एसडीएम को मामले की पूरी जांच के आदेश दिए | इस पूरे मामले में कलेक्टर ने तत्काल एक्शन लेते हुए एसडीएम को कलेक्टर के समक्ष बीते 2 दिन के अंदर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है|